News

24 घंटे में दूसरा ग्रेनेड हमला, ASI और CRPF के जवान समेत 6 घायल

Indian News

देश में कोरोना वायरस का क़हर बढ़ता ही जा रहा है लेकिन इस बीच कोरोना के साथ देश एक और संकट से लड़ रहा है वो है अत्तंकवाद पिछले एक सप्ताह के दौरान घाटी में आतंकवादी हमलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए आतंकवादी वहां मौजूद आम नागरिकों को निशाना बनाने से भी परहेज नहीं कर रहे हैं। जिला बडगाम की बात करें तो पिछले चौबीस घंटों के दौरान आतंकवादियों ने आज मंगलवार को यहां दूसरा ग्रेनेड हमला किया। इस हमले में पुलिस का एएसआइ, सीआरपीएफ जवान समेत 6 लोग घायल हुए हैं जिनमें 4 स्थानीय नागरिक शामिल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हमले के तुरंत बाद सुरक्षाबलों ने इलाके की घेराबंदी कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। मार्केट में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस के अनुसार आतंकवादियों ने यह ग्रेनेड हमला करीब पौने बारह बजे के करीब किया।

बडगाम की पाखरपोरा मार्केट में जब सभी लोग अपनी जरूरत का सामान खरीद रहे थे तभी कुछ संदिग्ध आतंकवादी वहां आए आैर उन्होंने मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था बना रहे सीआरपीएफ व जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवानों को निशाना बनाते हुए ग्रेनेड फेंका। निशाने पर न गिरकर यह ग्रेनेड सुरक्षाकर्मियों से कुछ दूरी पर फटा परंतु उसकी चपेट में आकर जम्मू-कश्मीर पुलिस का एएसआई गुलाम रसूल उर्फ दिलावर, सीआरपीएफ कांस्टेबल संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा मार्केट में खरीददारी कर रहे चार स्थानीय नागरिक भी घायल हो गए हैं, जिनमें दो की पहचान शफीक अहमद नाजर, इरफान वानी के तौर पर हुइ है अन्य दो घायलों में महिलाएं शामिल हैं। सुरक्षाबलों व स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत उपजिला अस्पताल पाखरपोरा पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। डाक्टरों का कहना है कि सीआरपीएफ जवान के घुटने पर मामूली चाेट आई है।

प्राथमिक उपचार के बाद घायल स्थानीय नागरिकों को एसएमएचएस अस्पताल रेफर कर दिया गया। इनमें दो को गंभीर चोटे आई हैं। हमले की सूचना मिलते ही पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। वहीं मार्केट में लगे सीसीटवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है। जिला बडगाम में यह दूसरा ग्रेनेड हमला है। इससे पहले कुछ आतंकवादियों ने जिला बडगाम में ही वागूरा पावर ग्रिड स्टेशन में तैनात सीआईएसएफ जवान को निशाना बनाते हुए उन पर ग्रेनेड फेंका था। इस हमले में भी एक जवान घायल हो गया था। घायल जवान को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। जवान को मामूली चाेटें आई थी और अभी उसकी हालत बेहतर बताई जा रही है। वहीं कश्मीर संभाग की बात करें तो पिछले तीन दिनों में यह चौथी आतंकवादी वारदात है। गत रविवार को पुलवामा के छंजमुला गांव में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में 21 राष्‍ट्रीय राइफल्‍स के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल आशुतोष शर्मा, मेजर अनुज सूद, नायक राजेश, लांस नायक दिनेश शहीद और जम्‍मू-कश्‍मीर पुलिस के सब-इंसपेक्‍टर सगीर अहमद पठान शहीद हो गए थे।

हालांकि सुरक्षाबलों ने इस हमले में दो आतंकवादियों को भी ढेर कर दिया था। उसके अगले दिन गत सोमवार को आतंकवादी संगठन द रजिस्टेंस फ्रंट के आतंकियों ने वानगाम गाजियाबाद में एक बार फिर सीआरपीएफ के गश्ती दल को निशाना बनाते हुए हमला बोल दिया। इस हमले में तीन सीआरपीएफ जवान शहीद हो गए जबकि सात अन्य घायल हो गए थे। आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षाबलों द्वारा वानगाम इलाके में सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।

Comment here

Verified by MonsterInsights