NationNews

एक एक्सीडेंट ने उजाड़ा पूरा परिवार

चित्रकूट हाईवे पर मंगलवार सुबह तेज रफ्तार रोडवेज बस (जनरथ) और बोलेरो में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो सवार सात लोगों की मौत हो गई। मृतकों में बोलेरो चालक, उनके पिता, पत्नी, बेटा, बेटी व बहन शामिल हैं। इसके अलावा एक अन्य व्यक्ति की भी जान चली गई, छह लोग घायल हुए।
बस में सवार नौ यात्री भी चोटिल हुए। घायलों में चार को प्रयागराज रेफर किया गया है, जिसमें दो की हालत नाजुक बनी हुई थी। बोलेरो सवार कमासिन बांदा निवासी घायल अरविंद ने बताया कि प्रयागराज में संगम स्नान के बाद बोलेरो से चित्रकूट लौट रहे थे। मंगलवार की सुबह झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर बगरेही मोड़ के पास उनकी बोलेरो सामने से चित्रकूट से अयोध्या की ओर तेज रफ्तार से जा रही रोडवेज बस से टकरा गई। इसके बाद उन्हें कुछ होश नहीं रहा।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों वाहनों की गति बहुत तेज थी। मोड़ पर एक वाहन को ओवरटेक करने के बाद बोलेरो चालक का संतुलन बिगड़ा। यह देखकर सामने से आ रही बस के चालक ने भी बोलेरो को बचाने का प्रयास किया तो बस दाहिने साइड की ओर आ गई। इसी बीच दोनों की भीषण टक्कर हो गई।

Comment here

Verified by MonsterInsights