Indian PoliticsNationNewsWorld

पीएम मोदी के पंजाब दौरे के खिलाफ किसानों ने खोला मोर्चा, कहा- ‘हम 5 नवंबर को पुतला फूंककर प्रदर्शन करेंगे’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के दौरे पर हैं, लेकिन उससे पहले वह पंजाब के अमृतसर के ब्यास में राधा स्वामी डेरा पहुंचेंगे. यह राजनीतिक दौरा हो सकता है लेकिन ब्यास पहुंचने से पहले ही किसानों ने मोर्चा खोल दिया है. किसानों ने डेरा प्रमुख से उनसे न मिलने की अपील भी की है।

प्रधानमंत्री शनिवार को हिमाचल पहुंच रहे हैं। हिमाचल में भी राधा स्वामी डेरा समर्थकों की संख्या काफी अधिक है। इसे देखते हुए वे डेरा ब्यास पहुंच रहे हैं और डेरा प्रमुख से भी मुलाकात करेंगे, लेकिन किसानों ने इसका विरोध करने का मन बना लिया है. किसानों ने घोषणा की है कि वे पूरे पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंकेंगे।

इस प्रदर्शन के साथ ही किसानों ने पंजाब के डेरों और धार्मिक संस्थाओं के प्रमुखों से प्रधानमंत्री से न मिलने की अपील की है. उनका कहना है कि प्रधानमंत्री किसानों और मजदूरों के पक्ष में नहीं हैं.

किसान नेता सरवन सिंह पंढेर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने लखीमपुर खीरी में गृह मंत्री के बेटे को बचाने का प्रयास किया है. दिल्ली में मरने वाले किसानों को अभी तक न्याय नहीं मिला है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किए गए सभी वादे पूरे नहीं किए गए हैं। जब भी प्रधानमंत्री पंजाब आएंगे, उनका विरोध किया जाएगा।

Comment here

Verified by MonsterInsights